महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छह जनवरी से एकेडमिक गतिविधियां काफी तेज हो जाएंगी। कई कोर्स में नए सिलेबस और यूनिट के साथ कक्षाएं शुरू होंगी। छह जनवरी से होने वालीं कई परीक्षाओं का नया टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है। वहीं, पीजी डिप्लोमा इन म्यूजिक थेरेपी दूसरे सेमेस्टर सहित कई कक्षाएं छह जनवरी से शुरू होंगी। 25 पेज में म्यूजिक थेरेपी का पूरा सिलेबस विद्यापीठ की ओर से जारी कर दिया गया है। छह जनवरी से ही हॉस्टल का आवंटन शुरू होगा।
छह से 19 जनवरी तक होंगी परीक्षाएं
बीए साइकोलॉजी और एमए साइकोलॉजी कोर्स में संशोधित के साथ ही बीएड तीसरे सेमेस्टर का नया सिलेबस छात्र और छात्राओं को पढ़ाया जाएगा। इसके अलावा आठ जनवरी को आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास में कमरों का आवंटन किया जाएगा। संबद्ध कॉलेजों में बीपीएड के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा छह जनवरी से शुरू होकर 12 जनवरी तक चलेगी। बीएड तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा 6 जनवरी से शुरू होकर 19 जनवरी तक कराई जाएगी। वहीं मास्टर ऑफ सोशल वर्क में तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा छह जनवरी से लेकर 16 जनवरी तक चलेगी। एमम्यूज की परीक्षा आठ और नौ जनवरी को कराई जाएगी।
नरेंद्र देव हॉस्टल में कक्ष आवंटन 6-8 जनवरी तक
काशी विद्यापीठ के जिन नए छात्रों ने आचार्य नरेंद्र देव हॉस्टल में कमरा आवंटन के लिए समर्थ पोर्टल (ऑनलाइन)/ऑफलाइन के माध्यम से आवेदन किया है, उन सभी छात्रों को छह और सात जनवरी को कैंपस में आना होगा। गृहपति कार्यालय से अपना छात्रावास अनुमति पत्र (छात्रावास शुल्क स्लिप) लेकर 6 और 7 जनवरी तक छात्रावास का शुल्क रसीद की छायाप्रति और छात्रावास अनुमति पत्र हॉस्टल कार्यालय में जमा करना होगा।
प्रायोगिक परीक्षा 29 जनवरी से
काशी विद्यापीठ में पीजी डिप्लोमा इन नेचुरोपैथी एंड योग के पहले सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा 29 जनवरी को होगी। गंगापुर के डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विभाग में ये कोर्स संचालित होता है। प्रो. पीतांबर दास ने बताया कि परीक्षा सुबह 9 बजे से योग और प्राकृतिक चिकित्सा विभाग में होगी। डीन ने कहा कि परीक्षा में विद्यार्थियों को अपनी प्रैक्टिकल फाइल और पोस्टर के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है।