देश के उत्थान के लिए वैश्य समाज ने अग्रणी भूमिका निभाई। दुनिया में आगे बढ़ने के लिए वैश्य समाज का प्रोत्साहन जरूरी है। यह बात वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद गिरीश सांघी ने रविवार को भरत मिलाप मैदान में आयोजित वैश्य महासंगम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज के सभी लोगों को एक मंच पर लाना है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैश्य समाज की एकजुटता बहुत बड़ी ताकत बनकर उभर सकती है। बावजूद इसके समाज के सभी वर्गों को षड्यंत्र के तहत अलग-अलग कर दिया गया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व राज्य मंत्री नटवर गोयल ने कहा कि वैश्य समुदाय ने देश का इतिहास बनाने, आजादी की लड़ाई और स्वाधीनता के बाद भी देश का निर्माण करने में हमेशा त्याग-बलिदान किया है। तन-मन-धन से राष्ट्र और समाज की सेवा की है। समाज को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन आगे भी होते रहेंगे।
वैश्य महासम्मेलन के संरक्षक अध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि समाज के लिए पहली बार ऐसा सम्मेलन हो रहा है ताकि वैश्य समाज एकजुट हो। उन्होंने कहा कि हम राजनीतिक दावेदारी करेंगे तभी आगे बढ़ेंगे। वक्ताआें ने कहा कि जब तक राजनैतिक ताकत नही मिलेगी तब तक हमारा दमन और शोषण होता रहेगा। मंच से एकजुट होने और अपनी एकता की शक्ति प्रदर्शित करने का आह्वान हुआ। अन्य वक्ताओं में अशोक अग्रवाल, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, राजकुमार, प्रदीप अग्रहरि, सीता राम केशरी, रचना अग्रवाल, संदीप अग्रवाल आदि शामिल रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।