सेवाकुंज आश्रम कारीडांड चपकी में 14 मार्च को राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर शुक्रवार को पूर्वाभ्यास हुआ। जबकि विंध्याचल में दंगा निरोधक दल ने भ्रमण किया। सोनभद्र में महामहिम के आगमन से पूर्व पूर्वाभ्यास के तहत हेलीकाप्टर सेवाकुंज में उतरा। क्षेत्रीय पुलिस अधीक्षक अभिसूचना प्रयागराज अजीत सिन्हा ने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल, बनवासी समागम स्थल, सेफ हाउस, पूजा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था परखी।
उन्होंने सदस्य राज्यसभा रामसकल और सेवाकुंज आश्रम के अध्यक्ष राम पाठक से कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली। उधर, मिर्जापुर के अष्टभुजा डाक बंगले के पास चार हेलीपैड बनाए गए हैं, जहां से राष्ट्रपति कार से मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचेंगे। इसके मद्देनजर अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट सहित कई विभाग के अफसरों ने अष्टभुजा डाक बंगले का निरीक्षण किया। ट्रायल के तौर पर अष्टभुजा हेलीपैड पर सेना का हेलीकाप्टर उतारा गया।