पांडेयपुर पुलिस चौकी पर शुक्रवार को किन्नरों ने अर्धनग्न होकर हंगामा किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से सभी को शांत कराया, तब जाकर चौकी का माहौल सामान्य हुआ। किन्नरों के प्रदर्शन के दौरान चौकी के सामने तमाशबीनों की भीड़ जुट गई थी।
चंदौली जिले के बबुरी के रहने वाली किन्नर करीना ने बताया कि उसके मोबाइल पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को एसटीएफ का सिपाही बताया और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए एक मोबाइल के संबंध में पूछताछ के लिए पांडेयपुर पुलिस चौकी पर आने को कहा। इससे नाराज होकर करीना और उसके साथी पांडेयपुर पुलिस चौकी पहुंचे। बदसलूकी और परेशान करने का आरोप लगाते हुए चौकी के सामने सभी सड़क पर हंगामा करते हुए प्रदर्शन करने लगे। पांडेयपुर चौकी प्रभारी ने सभी को आश्वस्त किया कि जिसने भी फोन किया था उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन पर लगभग आधा घंटे बाद किन्नर शांत हुए और चौकी के सामने से हटे। संवाद
दो बेटों के साथ गायब हुई विवाहिता
मिर्जामुराद। क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली विवाहिता बीते बुधवार को अपने दो बच्चों के साथ रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं लगने पर शुक्रवार को विवाहिता के पति ने मिर्जामुराद थाने में पत्नी के गायब होने की तहरीर दी। पति ने बताया कि उसकी पत्नी घर से मायके जाने की बात कह कर दोनों बेटों के साथ निकली थी। वह मायके भी नहीं पहुंची और उसका कहीं पता भी नहीं लगा। संवाद