गाजीपुर में शनिवार से सिग्नल कोर जालंधर, एफसीआई दिल्ली, आर्मी कोर दानापुर जैसी नामचीन हॉकी टीमों का जमावड़ा हो रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से लैस टीमें यहां 26वीं अखिल भारतीय मेघबरन सिंह स्मृति ईनामी हॉकी प्रतियोगिता में खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी।
मेघबरन सिंह हॉकी अकादमी के प्रबंधक पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने शुक्रवार की दोपहर रामकटोरा स्थित एक रेस्तरां में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि इस साल यह प्रतियोगिता अकादमी के संरक्षक रहे तेजबहादुर सिंह की स्मृति में आयोजित है। प्रतियोगिता में देश की 26 नामचीन टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम के मैदान पर होगा। प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि हैं।
उन्होंने बताया कि नॉकआउट आधार पर आयोजित सात दिवसीय प्रतियोगिता के सभी मैच एस्ट्रोटर्फ मैदान पर खेले जाएंगे। रोजाना चार मैच होंगे। प्रतियोगिता का फाइनल 10 फरवरी को दोपहर एक बजे होगा। विजेता टीम को एक लाख रुपये नगद व ट्राफी और उपजेता टीम को 60 हजार रुपये नगद व ट्राफी दी जाएगी। प्रतियोगिता में मेजबान मेघबरन सिंह हॉकी अकादमी के अलावा मेघबरन सिंह महाविद्यालय की टीम को भी प्रवेश दिया गया है। तीन साल के अंतराल पर आयोजित प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल समेत कई नामचीन खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।