उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों तक सक्रिय रहने के बाद एंटी रोमियो स्कवायड एक बार फिर कहीं लापता हो गई। बेखौफ शोहदे सड़कों पर खुलेआम उत्पात मचाने लगे हैं। ताजा मामला आजमगढ़ जिले का है जहां इंटर कॉलेज और महाविद्यालय की छात्राएं छेड़खानी से परेशान हो गई हैं। ज्यादातर छात्राओं ने जल्द कार्रवाई न होने पर पढ़ाई छोड़ने की चेतावनी दी है। कालेज प्रबंधकों ने फरिहां चौकी और निजामाबाद थाने पर शिकायत भी की है, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
आजमगढ़-लखनऊ मुख्य मार्ग पर निजामाबाद थाना क्षेत्र का फरिहां बाजार है। इस बाजार के आसपास दो इंटर कालेज और दो महाविद्यालय है। इसमें बीटीसी, बीएड, डीएलएड आदि के भी कोर्स चलते हैं। इन विद्यालयों में आसपास के फैजुल्लाहपुर, बीबीपुर, अंबरपुर, असीलपुर, नंदपुर, बड़ागांव आदि क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों के छात्र-छात्राएं पढ़ती हैं।
एक प्राइवेट इंटर कालेज के प्रबंधक श्यामजी उपाध्याय और महाविद्यालय के प्रबंधक सुजीत सिंह ने बताया कि कालेज के आसपास पुल या पेड़ के नीचे मनचले खड़े रहते हैं। ये सुबह-शाम स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं के साथ छेड़खानी करते हैं। इनके स्थानीय होने की वजह से विरोध करने पर इनके घर और गांव के लोग भी उतर आते हैं। इसको लेकर कई बार मारपीट भी हो चुकी है।
15 दिन पूर्व थाने में शिकायत की गई तो दो दिन पुलिस सक्रिय रही। फिर शांत हो गई। कालेज प्रबंधकों ने बताया कि छेड़खानी से तंग ज्यादातर छात्राएं और उनके अभिभावक पढ़ाई छोड़ने या छुड़ाने की चेतावनी दे रहे हैं। आजमगढ़ एसपी सिटी कमलेश बहादुर मामला संज्ञान में नहीं था। जल्द ही महिला इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की जाएगी। इनका प्रमुख कार्य छात्राओं की सुरक्षा और शोहदों की खबर लेना होगा।