इंग्लिश मीडियम मॉडल प्राथमिक विद्यालय दुरावल खुर्द
- फोटो : अमर उजाला
चुर्क निवासी राजकुमार सिंह की तैनाती वर्ष 2011 में प्राथमिक विद्यालय दुरावल खुर्द पर हुई थी। इसके बाद से ही शिक्षण कार्यों में अभिनव प्रयोगों से विद्यालय खूब चर्चा में आया। घोरावल ब्लाक का यह दूसरा इंग्लिश मीडियम विद्यालय भी बना।
अच्छे माहौल और शैक्षणिक कार्यों के चलते दुरावल खुर्द का विद्यालय कांवेंट को भी टक्कर दे रहा है। यहां 158 बच्चे सिर्फ पंजीकृत ही नहीं है, नियमित उपस्थित भी रहते हैं। राजकुमार सिंह ने कायाकल्प योजना से पहले ही विद्यालय के भवन को ट्रेन मॉडल में विकसित किया।
मॉडल इंग्लिश प्राइमरी स्कूल मंडुआडीह
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के काशी विद्यापीठ ब्लॉक का मॉडल इंग्लिश प्राइमरी स्कूल मंडुआडीह कांवेंट स्कूल को भी टक्कर दे रहा है। इस वजह है प्रधानाध्यापक सरिता राय की जिद। यह कारण है कि उनका चयन राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है। बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षा देने के लिए सरिता राय जानी जाती हैं।
2018 में प्रधानाध्यापक पद की कार्यभार संभालने के बाद सरिता राय ने विद्यालय की स्थिति बदलने की ठानी। इस स्कूल में पहले न तो ढंग का क्लासरूम था और न ही शौचालय। पानी, बिजली, फर्नीचर जैसी चीजें भी लचर हालात में थी। स्कूल के नाम पर पांच कमरों का पुराना भवन था। मगर, महज अब इस स्कूल की तस्वीर बदल गई है। अब इस सरकारी विद्यालय में कांवेंट स्कूलों जैसी सुविधाएं हैं। सरिता राय को 2019 उत्कृष्ट प्रधानाध्यापक पुरस्कार समेत दर्जनों सम्मान मिल चुके हैं।
मिर्जापुर जिले के पहाड़ी विकास खंड के भगेसर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविकांत द्विवेदी राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किए जाएंगे। रविकांत ने अपने स्तर से प्रयास करके विद्यालय में बच्चों का नामांकन 95 से बढ़ाकर 210 तक पहुंचा दिया है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत नई पहल करते हुए उन्होंने विद्यालय की सूरत ही बदल दी है।
उन्हें राज्य स्तर पर 2018 में उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार, 2019 में मेरी उड़ान प्रतियोगिता, 2020 में आओ गढ़ें कहानी पुरस्कार, 2021 में राज्य आईसीटी पुरस्कार, राज्य उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार व राज्य स्तर पर नवाचार पुरस्कार भी दिए जा चुके हैं। इसके अलावा 2017, 2019 व 2022 में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता के लिए जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार की तरफ से पुरस्कृत किया जा चुका है।