फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Roadways: परिवहन मंत्री के जिले के लिए बनारस से केवल एक बस, रोज परेशान होते हैं बलिया जाने वाले यात्री

Sun, 29 May 2022 10:05 AM IST
उत्पल कांत रबीश श्रीवास्तव, अमर उजाला, वाराणसी

सार

वाराणसी कैंट रोडवेज से हर दिन अलग-अलग डिपो की परिवहन निगम और अनुबंधित बसों को मिलाकर 500 से अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है। वाराणसी से बलिया तक केवल एक सीधी बस चलती है। 
विज्ञापन
कैंट रोडवेज पर बस का इंतजार करते यात्री - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगर आपको बनारस से बलिया रोडवेज बस से सफर करना है तो परेशानी झेलने के लिए तैयार रहिए। क्योंकि वाराणसी से बलिया तक केवल एक सीधी बस चलती है। बस बदलकर जाना यात्रियों की मजबूरी है। इस दिशा में परिवहन विभाग भी कोई ठोस पहल नहीं कर रहा है। 

विज्ञापन


रोडवेज बस स्टेशन से हर दिन अलग-अलग डिपो की परिवहन निगम और अनुबंधित बसों को मिलाकर 500 से अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है। इसमें बनारस से प्रयागराज 100 से अधिक बसें तो सोनभद्र जाने वाली बसों की संख्या 80 के करीब है।

प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बलिया से ही विधानसभा का चुनाव जीता है। हर दिन बलिया जाने वालों की संख्या भी अधिक रहती है लेकिन यात्रियों की जरूरत के मुताबिक बस न होने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है। 
विज्ञापन


गाजीपुर या मऊ जाकर बदलें बस
मंडुवाडीह के श्रीरामनगर कॉलोनी निवासी काजल को शनिवार को बलिया जाना था। वह रोडवेज बस स्टेशन पर सुबह सात बजे पहुंची। पूछताछ काउंटर से पता चला कि केवल एक बस है जो दोपहर 12 बजे आएगी। विकल्प के तौर पर बस से गाजीपुर/मऊ जाने की सलाह मिली। वहां से दूसरी बस से बलिया जा सकती हैं। महेशपुर निवासी नीलू को भी बलिया जाना था। छोटे भाई के साथ रोडवेज गए जहां पता चला कि कोई सीधी बस नहीं है। वहां से चौकाघाट गए, जहां निजी बस भी सीधे बलिया के लिए नहीं मिली। वापस आए तो रोडवेज बस स्टेशन पर एक चालक ने मऊ जाकर वहां से बस बदलकर बलिया जाने की जानकारी दी। मजबूरी में उसी बस से गए।

समय के साथ पैसे का भी खर्च ज्यादा

बनारस से बलिया तक एक ही सीधी बस चलने की वजह से यात्रियों के सामने बस बदलकर बलिया तक का सफर तय करना मजबूरी है। इसमें केवल समय ही नहीं बल्कि उन्हें जेब भी खाली करनी पड़ती है। आम तौर पर बलिया जाने के लिए लोगों को पहले बनारस से गाजीपुर और मऊ तक जाना पड़ता है। इसके बाद यहां से बस बदलकर बलिया यात्री जाते हैं। 

बलिया तक चलती है 14 ट्रेनें, मगर आरक्षण है जरूरी

वाराणसी कैंट रोडवेज - फोटो : अमर उजाला
बनारस से बलिया तक अगर ट्रेन का सफर करना है तो एक दो नहीं बल्कि 14 ट्रेनें चलती है। इसमें सबसे अधिक 11 ट्रेनें वाराणसी जंक्शन और तीन ट्रेनें वाराणसी सिटी से चलती हैं। सुबह 6.30 बजे से रात 11.35 बजे तक ट्रेन मिल जाएंगी लेकिन जिस तरह बस में जाने पर तुरंत बैठकर सफर करना आसान है, उस तरह ट्रेन में नहीं हो पाता है।

कोरोना संक्रमण के बाद रेलवे के नियम के अनुसार पहले से बुकिंग कराकर ही सफर किया जा सकता है। अगर बस नहीं है तो यात्री ट्रेन का सफर करना चाहते हैं तो उनके पास पहले से बुकिंग नहीं होती है। अब अगर रेलवे की ओर से कुछ ट्रेनों में साधारण टिकट बुकिंग सुविधा शुरू हो जाए तो राहत होगी।
विज्ञापन

मंत्री बोले- रोडवेज की दो बसें जल्द चलेंगी

क्षेत्रीय प्रबंधक (परिवहन निगम, वाराणसी परिक्षेत्र) केके तिवारी ने कहा कि बलिया तक केवल एक बस ही इस समय चल रही है। पहले से समय सारिणी भी यही है। यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ और बसों के बलिया तक चलाए जाने का निर्णय लिया गया है। इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि  यात्रियों की सुविधा के लिए बनारस से बलिया के लिए जल्द ही रोडवेज की दो बसें चलवाई जाएंगी। इसके लिए विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश जारी किया जाएगा, जिससे कि जल्द से जल्द लोगों को इसका लाभ मिल सके।

बनारस से विभिन्न मार्गों पर बसों के आने-जाने की स्थिति 
बनारस से बलिया                1 बस
बनारस से प्रयागराज            135 बस
बनारस से आजमगढ़            117 बस  
बनारस से जौनपुर                97 बस
बनारस से गाजीपुर               60 बस
बनारस से सोनभद्र-शक्तिनगर 83 बस
बनारस से विंध्याचल            39 बस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें