रीना राय ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दों को अजय राय लगातार प्रमुखता से उठाते रहे हैं। यही वजह है कि सरकार उनसे असहज महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि अजय राय हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, दलितों और वंचित समाज की आवाज बनकर संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने महोबा प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की। नेताओं ने कहा कि दोषियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पूरी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।
नेताओं ने घोषणा की कि महोबा की छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी न्याय की लड़ाई को लगातार आगे बढ़ाएगी और सरकार के दबाव में पीछे नहीं हटेगी।