यूपी पुलिस की भर्ती परीक्षा पास कराने का 60 हजार रुपये में ठेका लेने वाले आजमगढ़ के विश्वा कोचिंग के संचालक शिवचरन विश्वकर्मा और अध्यापक रविकांत पांडेय की गिरफ्तार के बाद पुलिस को इसी कोचिंग के एक और अध्यापक व एक अन्य कोचिंग संचालक की संलिप्तता का पता चला है।
पुलिस के मुताबिक चिन्हित दोनों आरोपी ग्राहक तलाशने का काम करते थे। इनका मकसद पेपर हल करना नहीं, बल्कि अभ्यर्थियों से रुपये ऐंठकर भाग जाने का था। पुलिस के पास इसके पुख्ता सबूत भी हैं।
आजमगढ़ जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा के 22 केंद्र हैं। सोमवार और मंगलवार को होने वाली इस परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। परीक्षा के नोडल अधिकारी एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार ने पेपर लीक आदि पर नजर रखने के लिए कई टीमें लगाई हैं।
इसी का परिणाम रहा कि 16 जून को शहर के ब्रह्मस्थान मुहल्ले में स्थित विश्वा कोचिंग चलाने वाले दो आरोपी फर्जीवाड़ा में पकड़े गए। कोचिंग संस्थान से तीन मोबाइल, पांच हजार रुपये और 20 छात्रों के 10वीं, 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड सहित अन्य प्रमाण पत्र भी बरामद हुए।