चोरी हुए 60 एंड्रायड मोबाइल बरामद कर पुलिस ने आमजन को लौटाए
- फोटो : अमर उजाला
साहब, हमारी समधन ने हमारे लिए यह मोबाइल बहू के हाथ भिजवाया था...। हजूर, हमारी पत्नी को शादी के 13 साल बाद बेटा पैदा हुआ तो उसके भाई ने यह मोबाइल दिया था...। अरे वाह, यह मोबाइल तो मेरी बेटी ने अपनी पहली सैलरी से खरीद कर मुझे गिफ्ट किया था...। सर, जब मैं कॉलेज पहुंचा तो मेरे डैड ने मुझे यह पहला मोबाइल दिया था...। कुछ इसी तरह की अलग-अलग प्रतिक्रिया और पुलिस के प्रति आभार गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में 60 लोगों से काफी देर तक सुनने को मिली।
एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि आमजन के चोरी हुए, गिर गए और खोए हुए एंड्रायड मोबाइल के संबंध में पुलिस के पास जितनी भी शिकायतें आईं थी उनके समाधान के लिए क्राइम ब्रांच की सर्विलांस विंग को लगाया गया था।
आईएमईआई नंबरों के सहारे सर्विलांस की मदद से 60 मोबाइल बरामद कर लिए गए। इनकी कीमत तकरीबन आठ लाख रुपये है। प्रार्थना पत्र के आधार पर संबंधित लोगों को कॉल कर बुलाया गया और मोबाइल सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसपी ने कहा कि बरामदगी में एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद के नेतृत्व में सीओ क्राइम अभिनव यादव, सर्विलांस विंग प्रभारी राजीव सिंह, विवेकमणि त्रिपाठी, संतोष, अनुग्रह वर्मा आदि का उल्लेखनीय योगदान रहा। इस तरह के कार्यों से समाज में पुलिस की अच्छी छवि प्रस्तुत होती है और ऐसा सदैव होते रहने चाहिए।