जानकारी के मुताबिक, नगर निगम 1325 मतदान केंद्रों पर गहमागहमी के मतदान हुआ है। पुलिस आयुक्त मुथा अशोक जैन, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा और जिला निर्वाचन अधिकारी एस राजलिंगम ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही दावा किया कि शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराए गए हैं। कहीं कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है।
राज्य चुनाव आयोग ने शाम छह बजे तक के मतदान का जो आंकड़ा जारी किया, उसके मुताबिक नगर निगम क्षेत्र के मतदाताओं ने उत्साह नहीं दिखाया है। इसी का नतीजा रहा कि पिछले चुनाव (2017) से 3.48 फीसदी कम मतदान हुआ है। पिछली बार 43.90 फीसदी मत पड़े थे। यह नौबत तब आई है, जब नगर निगम क्षेत्र की सीमा का विस्तार हो गया है। इस बार के चुनाव में दस वार्ड बढ़े हैं। मतदाताओं की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
ये भी पढ़ें: वाराणसी में एक पिता के 51 बच्चे...मतदाता सूची को देख लोगों ने पीट लिया सिर
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने कहा कि वाराणसी नगर निगम और गंगापुर नगर पंचायत का चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से कराया गया है। कहीं से कोई अप्रिय सूचना नहीं मिली है। नगर निगम क्षेत्र की ईवीएम पहड़िया मंडी स्थित स्ट्रांग रूम और गंगापुर नगर पंचायत के बैलेट बॉक्स राजातालाब तहसील परिसर में जमा कराए गए हैं। 13 मई को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू कराई जाएगी।
यूपी निकाय चुनाव की तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के गंगापुर नगर पंचायत में बारिश के बीच वोट भी खूब बरसे। लोकतंत्र के उत्सव में मतदाताओं ने उत्साह दिखाया और घर से निकलकर मतदान केंद्र तक गए। राज्य निर्वाचन आयोग ने शाम छह बजे तक मतदान का जो आंकड़ा जारी किया है, उसके मुताबिक नगर पंचायत क्षेत्र में 78.54 फीसदी वोटिंग हुई है। यानी क्षेत्र के मतदाता अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण हुए हैं। हालांकि, पिछले चुनाव (2017) 78.56 फीसदी वोट पड़े थे, जो इस बार के मतदान से .2 फीसदी ज्यादा है।
नगर पंचायत गंगापुर में अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए जमकर मतदान हुआ। युवक और युवतियां उत्साहित दिखीं। नगर पंचायत कार्यालय के पिंक बूथ पर सेल्फी लेने का क्रेज दिखा। गंगापुर इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट दिव्यांग मित्र की भूमिका में दिखे। 80 वर्षीय शांति देवी ने परिवार के साथ मतदान किया। उनका कहना था कि परेशानी सहकर भी अपना वोट देने आई हूं। इसी तरह 90 वर्षीय मोतीलाल भी परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। वह बीमार हैं, लेकिन लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा लेने से कोई गुरेज नहीं किया।