बस में सवार होते मतदानकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
सीमा विस्तार और परिसीमन के बाद 100 वार्ड वाले वाराणसी नगर निगम में 16 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। इसमें ब्राह्मण, राजपूत, कायस्थ, वैश्य, सिंधी, पंजाबी और मुस्लिम मतदाताओं की भूमिका बेहद निर्णायक साबित होगी। आंकड़ों की बात करें तो नगर निगम के मतदाताओं की कुल संख्या में एक चौथाई मुस्लिम मतदाता हैं। इन्हीं आकड़ों के आधार पर सियासी दल अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। भाजपा के खिलाफ माहौल बना रहे सपा और कांग्रेस की निगाह एकजुट मुस्लिम मतदाताओं पर टिकी है।
सपा मुस्लिम, यादव और राजपूत मतों की आस में है और हिंदू मतों में सेंधमारी का प्रयास कर रही है। कांग्रेस भी मुस्लिम मतों के साथ कायस्थ और दूसरे हिंदू मतों को अपने पाले में करने का प्रयास कर रही है। जबकि भाजपा हर हाल में अपने हिंदू मतों को एकजुट कर उन्हें सहेजने में जुटी है। आम चुनाव-2024 से ठीक पहले हो रहे निकाय चुनाव में काशी पर पूरे देश की निगाह टिकी है
इस चुनाव में विपक्ष की मजबूत रणनीति और चुनावी कौशल ने भाजपा के माथे पर बल डाल दिया है। भाजपा ने इस बार निवर्तमान महापौर मृदुला जायसवाल का टिकट काटकर अशोक तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के सामने अपने मतों को सहेजने के साथ ही मत फीसदी बढ़ाने की चुनौती है।
वाराणसी नगर निगम में महापौर के 11 प्रत्याशी और 100 वार्डों में 637 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। निकाय चुनाव में इस बार 1607905 मतदाता मेयर चुनेंगे। पूरक सूची आने के बाद नगर निगम में 3585 मतदाताओं की संख्या घट गई है। अब कुल मतदाताओं की संख्या 1607905 है। इसी प्रकार गंगापुर नगर पंचायत में भी पूरक सूची आने के बाद 145 मतदाताओं की संख्या घटी है। अब यहां कुल 6728 मतदाता हैं। यही मतदाताओं की अंतिम सूची है। जिस पर निकाय चुनाव कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एस राजलिंगम ने बताया कि नगर निगम वाराणसी एवं नगर पंचायत गंगापुर क्षेत्रों में मतदान के दिन गुरुवार को दुकानें बंद रहेंगी। इन क्षेत्रों के अंतर्गत कारखानों में कार्यरत कर्मचारियों को मतदान करने अवसर दिया जाए। चार को सार्वजनिक अवकाश घोषित करते हुए अगले साप्ताहिक अवकाश के दिन उनसे कार्य नहीं लिया जाएगा।
- भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार तिवारी
शैक्षिक योग्यता - एलएलबी, बीजे
ताकत- भाजपा का मजबूत गढ़, साफ सुथरी छवि
- कांग्रेस प्रत्याशी अनिल श्रीवास्तव
शैक्षिक योग्यता - स्नातक
ताकत- स्वच्छ राजनीतिक छवि, चुनाव का लंबा अनुभव
- सपा प्रत्याशी डॉ. ओपी सिंह
शैक्षिक योग्यता - पीएचडी, परास्नातक
ताकत- निकाय में छह बार पार्षद का अनुभव
- बसपा प्रत्याशी का नाम - सुभाष चंद्र मांझी
शैक्षिक योग्यता - हाईस्कूल
ताकत- मांझी समाज के साथ बहुजन पार्टी का बेस वोट
ये भी हैं मेयर पद के प्रत्याशी
सुभासपा से आनंद कुमार तिवारी, निर्दलीय प्रत्याशियोंं में ओम प्रकाश चौरसिया, वीरेंद्र कुमार गुप्ता, दीपक लाल, शमशेर खान, हरीश मिश्र, आम आदमी पार्टी से शारदा टंडन