मतदाता सूची से नाम कटने पर सपा के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर आक्रोश जताया। इसके बाद विकास भवन में उप निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सपा नेताओं ने आपत्ति जताई कि नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची में उनके मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। इस पूरे मामले की जांच करने और काटे गए मतदाताओं के नाम जोड़ने की मांग की।
निवर्तमान महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी से कहा कि लोकतंत्र के अधिकारों का हनन हो रहा है। आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के इशारे पर बीएलओ को प्रभाव में लेकर नाम कटवाए जा रहे हैं। इसके अलावा मतदाताओं को दूसरे वार्डों की सूची में शिफ्ट किया जा रहा है। सपा पार्षद दल के मुख्य सचेतक हारून अंसारी ने कहा कि लल्लापुरा कला वार्ड नंबर 92 में साजिश के तहत दो किमी दूर तीन बूथ काशी विद्यापीठ के समाज संकाय में बनाए गए हैं।
कोनिया वार्ड के पूर्व उपसभापति अमर देव ने बीएलओ संगीता रानी को निलंबित करने की मांग की। पूर्व सदन नेता विजय जायसवाल ने मांग की कि इसकी जांच दूसरे विभागों से कराई जाए। आपत्ति जताने वालों में आनंद मौर्य, जितेंद्र यादव, अजय चौधरी, मनोज यादव, संदीप शर्मा आदि शामिल रहे।
निकाय चुनाव की तैयारियों के लिए शनिवार को सपा पर्यवेक्षक पार्टी कार्यालय अर्दली बाजार में बैठक करेंगे। निवर्तमान महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने बताया कि पर्यवेक्षक आरके वर्मा, जाहिद बेग वरिष्ठ नेताओं के साथ निकाय चुनाव पर मंथन करेंगे।
इस दौरान महापौर और वार्डों के पार्षद का चुनाव लड़ने वाले संभावित दावेदारों को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके बाद ही प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जाएगी। विधान मंडल दल के मुख्य सचेतक विधायक मनोज पांडेय आठ नवंबर को वाराणसी आएंगे।