राजस्व गांव तिलहर का दुर्गम पहाड़ी रास्ता
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सोनभद्र के घोरावल ब्लॉक के दुगोलिया ग्राम पंचायत के राजस्व गांव तिलहर के आदिवासी मतदाता आठ किमी दूर पैदल चलकर वोट देने जाएंगे। दुगोलिया के प्राथमिक विद्यालय पर स्थित बूथ पर मतदान करेंगे।
दुगोलिया ग्राम पंचायत के तिलहर गांव में चार सौ पचास मतदाता हैं। इनके अलावा बेइसखावा टोला में भी मतदाता हैं। यहां आज तक सड़क नहीं बन पाई है। सड़क के अभाव में यह मतदाता आठ किमी पैदल चलकर अपने बूथ तक मतदान करने पहुंचेंगे।
तमाम समस्याओं के बाद भी गांव के लोग हमेशा से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, लेकिन ग्रामीणों की समस्याओं पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। तिलहर गांव के आदिवासियों के लिए वन विभाग की पांच किमी लंबी पहाड़ी वर्षों से समस्या से घिरी रहती है।
वन विभाग की जमीन के चलते न तो गांव को मुख्य मार्ग दुगोलिया से जोड़ने को सड़क बन पा रही है और न ही गांव में हर घर जल योजना का पानी पहुंच पा रहा है। दुगोलिया गांव में पानी की टंकी बनकर तैयार है, लेकिन सप्लाई नहीं हो रहा।