शहरी विकास मंत्री ने पेश किया भाजपा का रिपोर्ट कार्ड
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना काल में नौ करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण करने वाला यूपी पहला राज्य है। एक जिला एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई। स्मार्ट सिटी में बनारस समेत दस शहरों में स्मार्ट सिटी क्रियान्वयन और सात नगरों को स्मार्ट सिटी बनाने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया। अमृत योजना के तहत पेयजल, नाली व सीवर आदि का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।
शहरी विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि कोरोना के झटके से एमएसएमई सेक्टर को उबारने के लिए सरकार ने 2.16 करोड़ का ऋण मुहैया कराकर लगभग दो लाख लोगों को रोजगार दिया। बड़ी औद्योगिक इकाइयों में तीन लाख से अधिक लोगों को रोजगार, स्टार्टअप नीति के अंतर्गत पांच लाख युवाओं को रोजगार और अन्य राज्यों से आए 40 लाख प्रवासियों को रोजगार उपलब्ध कराया गया।
शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, रोजगार, सुरखा व कानून व्यवस्था, पर्यटन, औद्योगिक विकास आदि की उपलब्धियां गिनाई। इस दौरान मेयर मृदुला जायसवाल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी शतरूद्र प्रकाश, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
बुकलेट लेकर सरकार की साढ़े चार की उपलब्धियों को गिना रहे आशुतोष टंडन से जब पूछा गया कि स्मार्ट सिटी योजना से कचहरी पर बने पब्लिक फैसिलिटी सेंटर के अंदर बारिश की बूंदे क्यों टपक रही है, जबकि हफ्ते भर पहले ही उसका उद्घाटन हुआ है। जेएनएनयूआरएम के तहत बनी पेयजल व सीवेज योजना अब तक जनोपयोगी नहीं हो सकी तो उन्होंने इसका ठिकरा पूर्ववर्ती सरकारों पर फोड़ते हुए चुप्पी साध ली।