जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कुद्दूपुर के पास सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे किसी वाहन की चपेट में आने से महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह के पौत्र सुशील सिंह (38) की मौत हो गई। अंतिम संस्कार गोमती नदी के रामघाट पर किया गया।
बक्शा क्षेत्र के सहोदरपुर गांव निवासी एवं महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह के भतीजे श्यामराज सिंह के पुत्र सुशील सिंह बदलापुर में पैथोलॉजी सेंटर चलाते थे। सोमवार रात वह बाइक से बदलापुर से अपनी ननिहाल ऊंचनी गांव जा रहे थे। रात साढ़े दस बजे वे कुद्दूपुर के पास पहुंचे कि किसी वाहन की चपेट में आ गए। लोगों ने उनके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुशील चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनका बड़ा बेटा सम्मान सिंह (12) और सत्यम सिंह (10) है। सुशील की पत्नी ज्योति पति के मौत की खबर मिलते ही बेसुध हो गई। दादी जड़ावती रो-रोकर बेहाल हैं। उधर, पौत्र की मौत की खबर मिलते ही कृपाशंकर सिंह मुंबई से मंगलवार को घर आ गए। अभी एक सप्ताह पूर्व उनके भतीजे धर्मराज सिंह का निधन हुआ था। उनके शुद्धक और तेरहवीं की तैयारी चल रही थी।