वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में अब चारों तरफ चुनावी माहौल है। सोमवार को सातवें चरण के चुनाव में नामांकन के पांचवें दिन काफी गहमागहमी है। चुनाव में लोगों को आकर्षित करने के लिए प्रत्याशी तरह- तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। अनूठे एवं निराले अंदाज में प्रत्याशी नामांकन के लिए पहुंच रहे हैं। कोई प्रत्याशी फूलों से सजी गाड़ी में बैठकर तो कोई नंगे पांव कलेक्ट्रेट पहुंचा।
वाराणसी में अलग अंदाज दिखा। आप प्रत्याशी एंबुलेंस में सवार होकर जबकि सपा प्रत्याशी नंगे पांव और कर्मकांड परिधान में नजर आए। दोनों प्रत्याशी अन्य दलों के प्रत्याशी और समर्थकों के लिए भी चर्चा का विषय रहे। इधर, कोई रथ पर सवार होकर आया तो कई चार पहिया वाहनों के बीच में खड़े होकर हाथ जोड़े नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कई प्रत्याशी पैदल भी पहुंचे जो गुमनामी में खो गए। कुछ तो बिना जुलूस के ही सिर्फ प्रस्तावक के साथ कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन केंद्र पहुंचे और उनके हौसले भी बुलंद रहे। इधर, प्रत्याशियों के नामांकन जुलूस के कारण जगह-जगह पुलिस की तैनाती के बावजूद शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त दिखी।