जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा ने रिटर्निंग व पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजनीतिक दलों के वाहनों से हूटर उतरवाया जाए। लाइसेंसी असलहों को संबंधित थानों में जमा कराए जाने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने अब तक जमा किए गए लाइसेंसी असलहों की भी जानकारी ली। रिटर्निंग अधिकारी सरकारी शस्त्रों की दुकानों का निरीक्षण करें एवं रजिस्टर का मिलान करें। मिलान के दौरान यह तथ्य जरूर जांच लें कि फर्जी रसीद किसी भी दशा में जारी न होने पाए।
जिलाधिकारी ने अवैध शराब के विरुद्ध अब तक कार्रवाई न किए जाने पर नाराजगी जताई और जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करें। दुकानों के औचक निरीक्षण के दौरान स्टाक का मिलान करें।
चुनाव में गड़बड़ी फैलाने की आशंका सहित पुलिस स्तर पर होने वाली कार्रवाई को तीन-चार दिन के अंदर पूरा किया जाए। एक से छह फरवरी तक कार्मिकों के होने वाले प्रशिक्षण कार्य की व्यवस्थाएं किए जाने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित कि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक दलों व प्रभारियों की बैठक कर आदर्श आचार संहिता की आवश्यक जानकारी के साथ ही प्रत्याशियों के चुनावी व्यय की धनराशि 40 लाख होने की भी जानकारी दे दी जाए।
सभी रिटर्निंग अधिकारी मतदान प्रतिशत बढ़ाने की हर संभव प्रयास करें और 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की कार्ययोजना बृहस्पतिवार तक उपलब्ध कराएं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर गुलाबचंद सहित सभी रिटर्निंग अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।