इसके बाद 2009 में भाजपा नेताओं से मतभेद होने के चलते अजय राय ने पार्टी छोड़ दी थी। फिर अजय राय ने सपा का दामन थाम लिया। सपा में भी अजय राय ज्यादा दिनों तक नहीं ठहरे। फिर निर्दल चुनाव लड़े और पिंडरा से 2009 में विधायक बने। फिर अजय राय ने कांग्रेस का हाथ पकड़ते हुए पार्टी की सदस्यता ले ली। 2014 के लोकसभा चुनाव में अजय राय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़े थे।
पीएम नरेंद्र मोदी और अजय राय (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
2014 के लोकसभा चुनाव में अजय राय तीसरे स्थान पर आए थे। पिछले लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी वाराणसी से पहले स्थान पर थे और आम आदमी पार्टी की तरफ से अरविंद केजरीवाल दूसरे पायदान पर थे। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में फिर से अजय राय पिंडरा की विधानसभा सीट से खड़े हुए। लेकिन यह चुनाव भी अजय राय हार गए।
लोकसभा चुनाव 2019 में अजय राय ने एक बार फिर से कांग्रेस की तरफ से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ा लेकिन 152548 वोट मिले। 2014 में अजय राय चुनाव को लेकर पीएम मोदी के खिलाफ हाईकोर्ट तक गए। यह बात पीएम मोदी के विरोधियों को अच्छी भी लगी थी। जिस तरह से अजय राय ने पीएम मोदी का विरोध किया था, वह किसी अन्य दल के लिए संभव नहीं था। काशी में ही गंगा में मूर्ति विसर्जन कराने के लिए चलाए गए आंदोलन में अजय राय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अन्याय प्रतिकार यात्रा के बाद सपा सरकार ने जिस तरह से पूर्व विधायक अजय राय पर रासुका लगाया था, उसको लेकर काशी के साथ पूर्वांचल जनता में बहुत आक्रोश भी था।
अजय राय लगातार पांच बार विधायकी का चुनाव जीत चुके हैं। अजय राय ने एक बार निर्दल चुनाव जीत कर साबित किया था कि वह अपने बल पर चुनाव जीतते हैं, जिसका लाभ उनकी पार्टी को होता है। भूमिहार समाज भी अजय राय का साथ देता है चाहे वह विधानसभा चुनाव लड़ें या फिर लोकसभा चुनाव।
2014 के लोकसभा चुनाव में अजय राय को मिले थे 75614 वोट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में पहली बार वाराणसी से आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल को तीन लाख 71 हजार मतों से हराया था। उन्हें पांच लाख 81 हजार 22 और केजरीवाल को दो लाख नौ हजार 238 मत मिले थे। कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय को 75614, बसपा प्रत्याशी विजय प्रकाश जायसवाल को 60579 और सपा प्रत्याशी कैलाश चौरसिया को 45291 मत मिले थे। सभी की जमानत जब्त हो गई थी।
2019 के अजय राय को मिले 152548 वोट
प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 लोकसभा चुनाव में वाराणसी से रिकॉर्ड तोड़ 6,74,664 मत हासिल किए थे। वहीं गठबंधन प्रत्याशी शालिनी यादव को 195159 वोट और कांग्रेस के अजय राय को 152548 वोट मिले।