90 के दशक में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ उपाध्यक्ष अनिल सिंह मुन्ना की नदेसर मिंट हाउस के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। छात्रसंघ उपाध्यक्ष यशवंत सिंह बचाऊ की चंदौली में एक कार्यक्रम में जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के छात्रसंघ महामंत्री विनोद चौबे की 1994 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यूपी कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष अभिलाष सिंह की जगतगंज में गोली मारकर हत्या की गई थी। डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आलोक सिंह को कॉलेज परिसर में दौड़ाकर गोली मारी गई थी। कुछ दिन अस्पताल में रहने के बाद उनकी मौत हो गई। उनकी हत्या के बाद वाराणसी में बवाल हुआ था।
विद्यापीठ के छात्र नेता सुरेश पटेल की वर्चस्व की लड़ाई में महिला छात्रावास के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय शहर और छात्रावास के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी।
वर्चस्व और गुटबाजी के चलते बीएचयू में एमसीए छात्र गौरव सिंह बग्गा की बाइक सवार बदमाशों ने बिरला हॉस्टल चौराहे के पास 2 अप्रैल 2019 की शाम गोली मारकर हत्या कर दी थी। गौरव के पेट और सीने में तीन गोलियां मारी गई थीं। बग्गा की हत्या में बीएचयू छात्र विनय द्विवेदी, रूपेश तिवारी, कुमार मंगलम, आशुतोष त्रिपाठी आदि गिरफ्तार हुए थे। छह साल बीतने से पहले ही 21 फरवरी 2026 को छात्र रोशन मिश्रा पर सात से आठ राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
इसे भी पढ़ें; UP College Murder Case: प्राचार्य के घर तोड़फोड़ के मामले में छात्रों के खिलाफ एफआईआर, जांच कर रही पुलिस
जेएचवी शूटआउट तक में शामिल रहा छात्र
यूपी कॉलेज में 26 अप्रैल 2019 को छात्र विवेक सिंह की पीजीटी हॉस्टल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। छात्रसंघ महामंत्री अनुपम सिंह कुंदन को इस हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वर्चस्व और आपसी टकराव में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र नेता आलोक उपाध्याय ने 31 अक्तूबर 2018 को जेएचवी में कॉलेज के एक छात्र पर फायरिंग की थी, जिसमें एक दर्जी समेत दो लोगों की मौत हुई थी।
वर्ष 1984 में यूपी कॉलेज के बीएससी छात्र बृजेश सिंह के पिता रविंद्र सिंह की हत्या के बाद प्रतिशोध में बृजेश सिंह ने अपराध की दुनिया में कदम रखा। लंबे समय तक फरारी के दौरान पुलिस रिकॉर्ड में माफिया घोषित बृजेश सिंह बाद में माननीय भी बने।
हरिश्चंद्र कॉलेज से मेयर से विधायक तक
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के छात्रसंघ पदाधिकारी रहे कई छात्र संसद और विधानसभा तक पहुंचे। इनमें दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, पूर्व सांसद अतुल राय, स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा शामिल हैं। मेयर अशोक तिवारी भी इसी कॉलेज से पढ़े हैं।
इसे भी पढ़ें; UP News: लगेज में छिपाकर बैंकॉक ले जा रहा था रेंडियर की सींग, वाराणसी एयरपोर्ट पर पकड़ा गया विदेशी
बीएचयू छात्रसंघ से निकले बड़े नाम
बीएचयू छात्रसंघ ने देश को कई नेता दिए हैं... पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, पूर्व राज्यपाल व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, जेपीएस राठौर, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और पूर्व कैंट विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव सहित कई नेता छात्रसंघ की नर्सरी से उपजे हैं।