यूपी कॉलेज को चार महीने में चौथी बार 44 मानकों वाले प्रमाण पोर्टल पर पहला स्थान मिला। उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे प्रमाण पोर्टल की मई की समीक्षा में महाविद्यालय ने 75.14 अंक प्राप्त किए। प्रदेश का औसत स्कोर 34.62 रहा। प्रमाण पोर्टल के माध्यम से महाविद्यालयों के शैक्षणिक और प्रशासनिक गुणवत्ता सहित 44 आधारों का मूल्यांकन किया जाता है। जारी रैंकिंग के अनुसार इस्माइल नेशनल महिला पीजी कॉलेज, मेरठ 69.82 अंकों के साथ दूसरे, एपी सेन ज्युबिली गर्ल्स मेमोरियल पीजी कॉलेज, लखनऊ 69.58 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। पीपीएन कॉलेज, कानपुर 68.20 अंकों के साथ चौथे और शिया पीजी कॉलेज, लखनऊ 67.54 अंकों के साथ पांचवें पर रहा।
यूपी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कॉलेज ने फीडबैक मैकेनिज्म, आईएसओ सर्टिफिकेशन, वेबसाइट, विजन-मिशन, ग्रीन कैंपस इनिशिएटिव, एकेडमिक कैलेंडर, कोर्स रिकमेंडेशन, गूगल क्लासरूम जैसे मानकों पर शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। राजर्षि परिवार के लिए यह गर्व और संतोष का विषय है।