विद्यालय स्तर पर होगा आंतरिक मूल्यांकन
हाईस्कूल में विज्ञान और गृह विज्ञान विषय को छोड़कर अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर होंगी। विज्ञान और गृह विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालयों में आयोजित की जाएंगी। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर परीक्षा में शामिल होना होगा।
हाईस्कूल के आंतरिक मूल्यांकन, नैतिक योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा और इंटरमीडिएट के नैतिक योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक विद्यालयों के प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करेंगे। इसके लिए परिषद की वेबसाइट एक जनवरी 2027 से सक्रिय होगी।
दिसंबर में प्री-बोर्ड प्रायोगिक परीक्षाएं
विद्यालय स्तर पर प्री-बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित होंगी। क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के अपर सचिव भास्कर मिश्रा ने बताया कि कक्षा 10 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में कराई जाएंगी। वहीं, कक्षा नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह में होंगी।
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
परिषद ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं की नियुक्ति और अन्य जरूरी सूचनाओं के लिए संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क करें। परीक्षाओं के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही इसकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।