शिक्षा विभाग यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में जुट गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर लिया गया है। इस वर्ष जनपद में कुल 273 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कराई जाएंगी।
हाईस्कूल परीक्षा में कुल 83,768 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 43,184 बालक, 40,579 बालिकाएं और पांच ट्रांसजेंडर परीक्षार्थी हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 86,271 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 44,366 बालक, 41,904 बालिकाएं और एक ट्रांसजेंडर परीक्षार्थी शामिल है। परीक्षा केंद्र निर्धारण को लेकर बोर्ड को करीब 150 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं, जिनका शिक्षा विभाग ने निस्तारण कर दिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। कुल 273 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।