जनपद में महिलाओं के सशक्तिकरण और पारिवारिक सौहार्द स्थापित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज–5.0 के तहत परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/नई किरण की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कुल 22 पत्रावलियों में दोनों पक्षों को फोन व नोटिस के माध्यम से मिडिएशन के लिए बुलाया गया, जिनमें से 18 मामलों में पक्षकार उपस्थित हुए। मिडिएशन के दौरान अथक प्रयास के बाद चार पत्रावलियों में पति-पत्नी के बीच आपसी समझौता कराया गया।
अधिकांश मामलों में आवेदिकाओं की ओर से पति एवं ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे। बैठक के दौरान दो पत्रावलियों में जोड़े कुशलता प्रकट करने के लिए उपस्थित हुए, जबकि तीन पत्रावलियां न्यायालय में लंबित व अन्य कारणों से बंद की गईं। शेष मामलों में दोनों पक्षों को अगली तिथि पर पुनः मिडिएशन के लिए नोटिस व फोन के माध्यम से सूचित किया जाएगा। सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि नई किरण प्रोजेक्ट के माध्यम से बिखरे परिवारों को फिर से एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पारिवारिक न्यायालयों का कार्यभार भी कम हो सके। यह अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल अधिकारी मिशन शक्ति चिराग जैन के नेतृत्व में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर काउंसलर डॉ. उमेशचंद्र पांडेय, काउंसलर गिरीश सिंह पटेल, प्रभारी परिवार परामर्श प्रकोष्ठ उप निरीक्षक महेंद्र प्रसाद तिवारी, उप निरीक्षक सत्यनारायण यादव एवं महिला आरक्षी नेहा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।