उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा खत्म होने के बाद अब काॅपियों का मूल्यांकन शुरू होना है। 16 मार्च से शुरू होने वाले मूल्यांकन के लिए जिले में 14 तक सभी केंद्रों पर कापियां आ जाएंगी। कॉपी जांचने से पहले परीक्षकों को मोबाइल केंद्राध्यक्ष के पास जमा करना होगा। साथ ही उनकी गतिविधि की निगरानी की जाएगी।
यूपी बोर्ड की काॅपियों का मूल्यांकन 16 से 31 मार्च तक जिले में बने चार केंद्रों पर कराया जाएगा। 2622 परीक्षकों को 561460 काॅपियों को जांचने के लिए लगाया गया है। परीक्षा की तरह ही मूल्यांकन केंद्र की निगरानी सीधे कंट्रोल रूम से की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह का कहना है कि परिषद की ओर से मूल्यांकन संबंधी निर्देश का पालन कराया जाएगा। केंद्रों पर आने वाले परीक्षकों को अपना मोबाइल संबंधित केंद्राध्यक्ष के पास जमा करना होगा। कमरे में फोन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
प्रयागराज में बने कंट्रोल रूम से निगरानी
मूल्यांकन व्यवस्था की निगरानी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के प्रयागराज में बने कंट्रोल रूम से भी की जाएगी। सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि मोबाइल केंद्राध्यक्ष के पास जमा करने के बाद ही परीक्षक कॉपी जांचेंगे।