मऊ में दूसरा स्थान पाने वाली श्रद्धा त्रिपाठी को मिठाई खिलाते परिवार वाले।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा में मऊ जिले ने सूबे में मैदान मार लिया है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों की परीक्षाओं में मऊ प्रदेश में अव्वल है। बलिया और आजमगढ़ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
पूर्वांचल में जहां मऊ, बलिया और आजमगढ़ ने पूरे सूबे में नाम किया है, वहीं मिर्जापुर और चंदौली फिसड्डी रहे। सोनभद्र जिला भी निचले पायदान पर है। इसमें वाराणसी का परिणाम औसत से भी कम है।
मऊ ने पूरे सूबे में 93.71 पास प्रतिशत से हाईस्कूल में और 94.70 पास प्रतिशत से इंटरमीडिएट में टॉप किया है। बलिया 93.17 से हाईस्कूल और 93.62 से इंटरमीडिएट में पूरे प्रदेश में दूसरे नंबर पर है।
आजमगढ़ जिला 90.45 (हाईस्कूल) और 93.20 (इंटरमीडिएट) पास प्रतिशत से तीसरे स्थान पर है। इसके बाद पूर्वांचल के 10 जिलों में गाजीपुर में यूं तो चौथे स्थान पर है लेकिन हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश में सातवें व इंटरमीडिएट में 11वें स्थान पर है।
एक ओर जहां इन जिलों ने पूरे सूबे में पूर्वांचल का मान बढ़ाया, वहीं चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र सबसे नीचे हैं। इंटरमीडिएट में चंदौली 75 जिलों में 72वें स्थान है। हालांकि हाईस्कूल ने 55वें स्थान पर जगह बनाई है।
मिर्जापुर 70वें (हाईस्कूल) और 66वें (इंटरमीडिएट) स्थान पर है। इसी तरह सोनभद्र 68वें (हाईस्कूल) और 53वें (इंटरमीडिएट) स्थान पर है। इंटरमीडिएट में सोनभद्र से ही निचले पायदान पर बनारस जिला है।