यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा का आगाज 7 फरवरी से हो गया है, लेकिन बड़े विषयों की परीक्षा मंगलवार से शुरू हुई। चार दिन से साधारण विषयों की परीक्षा तो शांतिपूर्वक बीत गए। लेकिन बड़ी परीक्षाओं के शुरू होते ही नकल माफिया सक्रिय हो गए है। यूपी के मऊ और चंदौली जिले में प्रथम पाली में तीन नकलची दबोचे गए है।
मऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. केसी भारती ने परशुपुरा के सुनील यादव, अमित कुमार पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिया। परीक्षा पर चार जोनल मजिस्ट्रेट, दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तथा 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर नजर रख रहे थे।
इसके अलावा चार सचल दस्ते परीक्षा केंद्रों का चक्रमण करते रहे। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई थी। वहीं, चंदौली में पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा हुई।
इसमें 95 केंद्रों पर 43000 छात्रों ने परीक्षा दी। प्रगतिशील जूनियर हाईस्कूल अमड़ा में एक छात्र नकल के साथ पकड़ा गया। डीआईओएस ने तत्काल कक्ष निरीक्षक को कार्य मुक्त कर दिया और केंद्र व्यवस्थापक से स्पष्टीकरण मांगा है।