उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में नकल और पेपर वायरल होने को लेकर बदनाम हो रहा बलिया सोमवार को एक बार फिर सवालों के घेरे में खड़ा है। बलिया जिले में यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट गणित के प्रश्नपत्र की हल की हुई कॉपी व्हाट्सएप पर वायरल हो गई।
जिले में सोमवार को दूसरी पाली में यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट के गणित की परीक्षा होनी थी। जिसका समय दोपहर 2 बजे से था, लेकिन इसी बीच परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले ही व्हाट्सएप पर गणित के सीरीज 324 (ईएन) प्रश्नपत्र की हल की गई कॉपी वायरल हुई है।
कापियों के वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। हालांकि शुरुआत में वायरल हुई हल कापियों पर कहीं भी प्रश्नपत्र का सीरीज नंबर अंकित नहीं होने के कारण ऊहापोह की स्थिति रही। लेकिन परीक्षा शुरू होने के बाद यह स्थिति साफ हो गई और नकल माफिया हल कापियों को संबंधित केंद्रों पर धड़ल्ले से पहुंचाते रहे।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के जिम्मे ही प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाने व केंद्रों पर इसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी होती है। सूत्रों की मानें तो बिना शिक्षा विभाग की मिलीभगत से डेढ़ घंटे पहले हल कापियां तैयार नहीं हो सकती हैं। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र व बोर्ड परीक्षा के नोडल अधिकारी व सहायक शिक्षा निदेशक रामशरण सिंह ने इस तरह की जानकारी से इंकार किया है।