वाराणसी के सिगरा क्षेत्र की संपूर्णानंद नगर कॉलोनी में रहने वाली बीएचयू की सोशल साइंस फैकल्टी की रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. आशा रानी मेहरोत्रा से उनके भतीजे ने ढाई करोड़ की रंगदारी मांगी है। प्रकरण से संबंधित शिकायत शुक्रवार को सिगरा थाने की पुलिस को मिली। आरोपी मनीष कुमार मेहरोत्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उससे सिगरा थाने की पुलिस पूछताछ कर रही है।
अविवाहित बुजुर्ग प्रोफेसर के अनुसार, उन्होंने अपने बड़े भाई के बेटे मनीष को पाल-पोसकर बड़ा किया। इस बीच उसकी दोस्ती कुछ गलत किस्म के लोगों से हो गई। गलत संगत में आकर वह जरूरी काम के बहाने से पैसे लेकर उड़ाता रहा। पैसा मिलना बंद हो गया तो घर के कीमती सामान चुराकर बेचने लगा। अब पैसा मांगता है और न देने और जान से मारने की धमकी देता है।
हिस्से के तौर पर वह लगातार ढाई करोड़ रुपये मांग रहा है और धमकाता रहता है। रुपये न देने पर प्रताड़ित कर रहा है। इस संबंध में सिगरा इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार ओझा ने बताया कि शिकायत मिलने पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। सामने आए तथ्यों और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।