अंतिम चरण के चुनाव को लेकर अब काशी में दिग्गज नेताओं की भीड़ बढ़ रही है तो उनकी सुरक्षा के साथ ही सोशल मीडिया पर भी निगरानी पुलिस ने तेज कर दी है। कमिश्नरेट की सोशल मीडिया की टीम ऐसे पोस्ट और वीडियो पर भी नजर रख रही है जो उन्माद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय दौरे के लिए बाहर से भी फोर्स बुलाई गई है। बृहस्पतिवार को फोर्स आ जाएगी। इसमें दस आईपीएस, 15 एएसपी, 25 डीएसपी, 250 इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल एक हजार और लगभग दस कंपनी पीएसी शामिल है।
पीएम मोदी के रोड शो के दौरान मलदहिया से बाबा विश्वनाथ धाम तक भवनों के छतों पर पुलिस तैनात रहेगी और भीड़ की निगरानी ड्रोन कैमरे से कराई जाएगी। रोड शो के बीच में पड़ने वाली बहुमंजिली इमारतों का सर्वे कराया जा रहा है। एचडी फोटोग्राफी भी कराई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित रोडशो के लिए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में हेलीपैड बनाया जा रहा है तो वहीं गांधी अध्ययनपीठ सभागार में सेफजोन बनाया जाएगा।