काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन और बूथ पदाधिकारियों के साथ बैठक की सूचना के बाद संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने बैठक कर बूथ पदाधिकारियों के साथ सम्मेलन की कार्य योजना पर चर्चा की और क्रियान्वयन के लिए चल रही तैयारियों की समीक्षा की।
तैयारियों के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम स्थल से लेकर मंच और सुरक्षा तक के प्रभारियों के नाम तय किए गए हैं। पूरे कार्यक्रम के संयोजक क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया होंगे। जिले की आठों विधानसभाओं के प्रत्येक बूथ से छह पदाधिकारियों को सम्मेलन में भाग लेने के लिए व्यापक कार्य योजना पर प्रकाश डाला।
गुजरात के संगठन महामंत्री रत्नाकर ने कहा कि 8 विधानसभाओं के 33 मंडलों के 539 शक्ति केंद्रों के 3361 बूथों के लगभग 20 हजार बूथ पदाधिकारियों के सम्मेलन को काशी के सांसद संबोधित करेंगे। बूथ पदाधिकारियों के अलावा वाराणसी में निवास करने वाले शक्ति केंद्र के संयोजक, मंडल पदाधिकारी, महानगर से राष्ट्रीय पदाधिकारी तक शामिल होंगे।