केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय (फाइल फोटो)
कर्मनाशा नदी के पक्के पुल के खराब होने के बाद अस्थायी पुल बनाया गया है। लेकिन, ओवरलोड वाहनों के चलने से इस पुल का भी आधार खिसकने लगा है। इसकी शिकायत मिलने पर केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने सोमवार को प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी तथा अपर मुख्य सचिव गृह विभाग अवनीश अवस्थी से वार्ता की है।
उन्होंने मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव से कहा कि बिहार शासन से वार्ता कर ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाएं, ताकि अस्थायी पुल सुरक्षित और यूपी-बिहार का आवागमन सुचारु रहे। डॉ. पांडेय ने स्थानीय स्तर पर जिलाधिकारी चंदौली नवनीत सिंह तथा पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल से भी वार्ता कर बिहार के सीमावर्ती जिले के अधिकारीयों से अपने स्तर पर बात कर तत्काल ओवरलोड वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के लिए निर्देश दिए।