वाराणसी में गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग पर एक रेस्टारेंट के पास रविवार को लावारिस ट्रॉली बैग मिलने से हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने हिम्मत जुटा कर बैग खोला। बैग के अंदर कुछ ऐसा निकला कि लोग दंग रह गए।
वाराणसी में गोदौलिया-दशाश्वमेध मार्ग पर एक रेस्टारेंट के पास रविवार को लावारिस ट्रॉली बैग मिलने से हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
काफी देरी तक पुलिस नहीं पहुंची तो लोगों ने हिम्मत जुटा कर खुद ही बैग खोला। हालांकि बैग में एक लेडीज पर्स और कॉस्मेटिक के कुछ सामान बरामद हुए, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस की यह लापरवाही लोगों में चर्चा का विषय बनी रही।
दशाश्वमेध इलाके में रविवार को लोगों की आवाजाही सामान्य तरीके से जारी थी। करीब 11 बजे लोगों ने गौर किया कि एक रेस्टोरेंट के पास काफी देर से एक ट्रॉली बैग पड़ा हुआ है।
दुकानदारों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के बाद भी जब यह पता नहीं चला कि बैग किसका है तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। काफी देर तक लोग पुलिस का इंतजार करते रहे। बाद में लोगों ने खुद बैग की जांच करने का फैसला किया।
लोगों का कहना था कि किसी श्रद्घालु या सैलानी का बैग चोरी कर चोरों ने अपने काम के सामान रख लिए होंगे और खाली बैग फेंक दिया होगा। जब माहौल सामान्य हो गया तब बम निरोधक दस्ते के साथ पुलिस मौके पर पहुंची।