भिटकुरी स्थित निर्माणाधीन कान्हा गोशाला का रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने यहां की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने को कहा। मुख्य द्वार पर वाई-शेप एंगल के साथ राउंडेड सिक्योरिटी फेंस वायर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को सभी कमियों को दूर करते हुए 15 दिन में गोशाला को नगर निगम को हैंडओवर करने का अल्टीमेटम दिया।
नगर आयुक्त ने सीएंडडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) की ओर से बनाए जा रहे इस परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता और पशुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान बाउंड्रीवाॅल में जगह-जगह खाली स्थान मिलने पर उन्हें तत्काल भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेन गेट और वरुणा नदी की तरफ की बाउंड्रीवाॅल से पुरानी फेंसिंग हटाकर वाई-शेप एंगल के साथ राउंडेड सिक्योरिटी फेंस वायर लगाई जाए। ग्रामीण क्षेत्र की गोशाला में पीछे की बाउंड्रीवाल में दो के स्थान पर चार कटीले तारों से फेंसिंग करने को कहा। मुख्य गेट के ऊपर गोशाला का नाम अंकित कराया जाए और उसे अच्छी शीट लगाकर बंद किया जाए ताकि कोई आवारा कुत्ता या जंगली जानवर अंदर प्रवेश न कर सके। गेट की ऊंचाई बढ़ाने और ऊपर नुकीले सरियों से वेल्डिंग कराने को कहा। इसके अलावा चरही के आउटलेट में स्लाइडिंग कैप लगाने, नालियों की गहराई कम कर स्लोप सही करने को कहा। गोशाला के शेड में सीएफएल की जगह ट्यूबलाइट लगाने को कहा। गोशाला का पानी बाहर निकालने के लिए इनलेट चैंबर से आउटलेट चैंबर तक 12 या 18 इंच का पाइप लगाने को कहा।