मंडुवाडीह चौराहे पर फिर से यू-टर्न की व्यवस्था शुरू हो गई है। इससे पहले पांच अप्रैल को यह व्यवस्था बनाई गई थी, लेकिन बनारस स्टेशन मार्ग से मंडुवाडीह चौराहा मार्ग पर बाईं लेन पर खुदाई की वजह से ट्रैफिक पुलिस को यू-टर्न की व्यवस्था को अगले ही दिन स्थगित करना पड़ा था।
मंडुवाडीह चौराहे पर 16 दिन बाद सोमवार की सुबह से एक बार फिर यू-टर्न व्यवस्था शुरू की गई। इसके चलते मंडुवाडीह चौराहे और उसके चारों तरफ की सड़कों पर यातायात का दवाव सामान्य रहा और राहगीरों को भीषण गर्मी में जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ा।
विज्ञापन
मंडुवाडीह चौराहे पर पांच अप्रैल को आवागमन की नई व्यवस्था बनाई गई थी। इसके तहत महमूरगंज की ओर से आने वाले जिन वाहनों को मंडुवाडीह थाना या लहरतारा की ओर जाना था, उन्हें मंडुवाडीह चौराहा से बाएं मुड़कर बनारस स्टेशन मार्ग की ओर 100 मीटर जाना था। वहां से यू-टर्न लेकर वापस गंतव्य की ओर जाना था।
इसी तरह से मंडुवाडीह थाना की ओर से आने वाले जिन वाहनों को महमूरगंज या बनारस स्टेशन मार्ग की ओर जाना था, उन्हें मंडुवाडीह चौराहा से बाएं मुड़कर लहरतारा मार्ग की ओर 100 मीटर जाना था। वहां से यू-टर्न लेकर अपने गंतव्य की ओर जाना था। मगर, पांच अप्रैल की रात ही बनारस स्टेशन मार्ग से मंडुवाडीह चौराहा मार्ग की बाई लेन पर खोदाई की वजह से संकरे रास्ते पर जाम लगना शुरू हो गया और यू-टर्न के लिए जगह ही नहीं बची। इसके चलते छह अप्रैल को यू-टर्न व्यवस्था को स्थगित करना पड़ा। 21 अप्रैल की रात पीडब्ल्यूडी ने सड़क दुरुस्त कराई तो फिर से यू-टर्न व्यवस्था शुरू करा दी गई।