ट्रेन की एसी कोच का अटेंडर शराब की तस्करी कर बिहार में बेचता था। इसकी भनक लगते ही सक्रिय हुई जीआरपी की टीम ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अटेंडर होने के चलते उस पर किसी को शक नहीं होता था, ऐसे में वह तस्करी कर शराब की खेप बिहार में बेच देता था।
जीआरपी ने एक कोच अटेंडर को अलग- अलग अंग्रेजी कंपनी के 36 लीटर शराब के साथ पकड़ा। आरोपी साबरमती ट्रेन में एसी कोच का अटेंडर है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह बिहार में शराब बंदी का फायदा उठाकर शराब बाहर से ले जाकर वहां बेच देता है। वहीं उसके कोच अटेंडर होने से किसी को शक भी नहीं होता है।
विज्ञापन
यह है मामला
जीआरपी प्रभारी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि उन्हें रविवार की देर रात में मुखबिर से सूचना मिली कि गुजरात से आ रही साबरमती ट्रेन में अलग- अलग कंपनी की शराब की एक खेप तस्करी कर लाई जा रही है।
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने एसी कोच बी से मऊ जिले के रामपुर बेलौली थाना के लखनौर गांव निवासी आशुतोष कुमार तिवारी को रॉयल स्टैग सुपीरियर विस्की की 750 एमएल की 12, तो आफिसर्स च्वाइस की 180 एमएल की 150 बोतल शराब की खेप के साथ पकड़ लिया।