आईआईटी बीएचयू में दो साल बाद बोर्ड आफ गवर्नर्स के स्थायी चेयरमैन की तैनाती हुई है। विजिटर और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जाने माने वैज्ञानिक पद्मश्री डॉ. कोटा हरिनारायण को नया चेयरमैन नियुक्त किया है। 2018 से खाली इस पद पर अब तक कार्यवाहक चेयरमैन के रूप में निदेशक जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
आईआईटी बीएचयू के रजिस्ट्रार डॉ. एसपी माथुर ने बताया कि नियमानुसार वर्ष 2012 से 2015 तक बीएचयू में वीसी को ही आईआईटी बोर्ड आफ गवर्नर्स का चेयरमैन बनाया जाता रहा। इसके बाद 2015 से 2018 तक चेयरमैन के पद पर प्रोफ़ेसर जीसी त्रिपाठी को नियुक्त किया गया था।
दो साल से इस पद पर कार्यवाहक चेयरमैन की हैसियत से वर्तमान निदेशक प्रोफ़ेसर पीके जैन कार्यरत थे। अब विजिटर की ओर से डॉ. कोटा हरि नारायण के नाम पर मोहर लगाई गई। वहां से आदेश जारी होने के बाद संस्थान ने भी इसका आदेश जारी कर दिया है। पद्मश्री कोटा हरिनारायण ने आईटी बीएचयू से ही मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।