रामनगर। क्षेत्र के टेंगरा मोड़ के पास बुधवार की सुबह चलते ऑटो में दो महिलाओं ने एक महिला के बैग से जेवरात व नकदी रुपये उड़ा दिए। महिला को संदेह हुआ तो दोनों महिलाओं से पूछताछ की लेकिन वह टालमटोल करने लगीं। मौके पर पुलिस ने दोनों महिलाओं की तलाशी ली तो उनके पास से नकदी व जेवरात बरामद हुआ। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना जैतपुरा के शैलपुत्री निवासिनी प्रियंका विश्वकर्मा अपने पति अशोक विश्वकर्मा के साथ अपने मायके भभुआ बिहार जा रही थीं। गोलगढ्ढा से आटो पकड़कर वह रामनगर चौराहे पर पहुंचीं। यहां से टेंगरामोड़ जाने के लिए दूसरी आटो में बैठ र्गइं। उसी आटो में दो और महिलाएं बैठी हुई थीं। जब ऑटो टेंगरा मोड़ पहुंचा तो दोनों महिलाएं उतरकर जाने लगीं। इसी दौरान प्रियंका की निगाह अपने बैग पर गई तो चैन खुला हुआ था। संदेह होने पर प्रियंका ने दोनों महिलाओं से पूछताछ की तो वह कुछ भी बताने से इंकार करने लगीं। प्रियंका ने पास के ही भींटी पुलिस चौकी में पहुंचकर चौकी इंचार्ज विनोद मिश्रा को जानकारी दी। चौकी इंचार्ज पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को हिरासत में ले लिया। जब दोनों के बैग की तलाशी ली तो उसमें से सोने का हार, चांदी की चार चैन, नेकलेस, कान का झुमका, चांदी की अंगूठी व 750 रुपये बरामद हुआ। गिरफ्तार दोनो महिलाएं प्रतिमा और संतोषी काशीपुरा झोपड़ पट्टी की रहने वाली हैं।