दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार से स्म्मानित हुए प्रधानों के साथ बैठे प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो ग्राम प्रधानों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार मिला है। वहीं दोनों ग्राम प्रधानों को गांव के विकास के लिए 12-12 लाख रुपए भी मिले हैं।
जबलपुर से पुरस्कार लेकर दो गांव के प्रधान बनारस लौट आए हैं। इनमें एक चांदपुर के प्रधान आरडी यादव और अदमापुर के प्रधान अनिल कुमार पटेल शामिल हैं।
राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर देश भर के 185 गांवों के प्रधान को बुलाकर 24 अप्रैल को सम्मानित किया गया था। पंचायतीराज के केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और राज्यमंत्री परषोत्तम रूपाला के हाथों प्रधानों को सम्मान दिया गया।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आए थे। उनके साथ सभी प्रधानों ने फोटो खिंचवाई। वहां से लौटने के बाद चांदपुर के प्रधान आरडी यादव ने कहा कि वहां जाने पर काफी सम्मान मिला।
उन्होंने बताया कि लोग पूछ रहे थे कि पीएम के संसदीय क्षेत्र से आएं हैं। गांव के विकास के लिए 12 लाख रुपए मिले हैं। इन रुपयों से गांव में सीवर, पंचायत भवन और मूक बाधिर बच्चों के लिए हाल का निर्माण कराया जाएगा।