बर्थडे पार्टी को लेकर मंगलवार की शाम बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर के सामने छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान पत्थरबाजी और चाकूबाजी में आधा दर्जन छात्र जख्मी हो गए, जिन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। मौके पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ ही पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह छात्रों को शांत कराया। बिरला ए और सी हॉस्टल के बीच हुए इस मारपीट में दोनों तरफ से तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया। एहतियातन हॉस्टल के पास पुलिस-पीएसी तैनात कर दी गई है।
विश्वनाथ मंदिर के पास एक छात्र का जन्म दिन मनाया जा रहा था। इस बीच किसी बात को लेकर वहां कहासुनी हो गई। इस बीच विश्वनाथ मंदिर के पास रॉड, डंडे भी चलने गए। इससे भगदड़ मच गई। देखते-देखते वहां दुकानें भी बंद हो गई। सुरक्षा कर्मियों ने वहां छात्रों को खदेड़ा। जब तक पुलिस पहुंचती छात्र विश्वनाथ मंदिर से भाग निकले थे। इसके बाद छात्र हॉस्टल आए हैं और यहां भी आपस में टकराहट शुरू हो गई। सूचना पाकर पुलिस-पीएसी के जवान पहुंच गए।
बहुत देर बाद किसी तरह छात्रों को समझाया गया। सूत्रों के अनुसार मारपीट करने वाले अपने साथ तलवार, फावड़ा लेकर आए थे। जांच के दौरान तलवार भी बरामद हुआ है। दोनों तरफ से लंका थाने में तहरीर दी गई, जिसमें पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पवन सिंह ने अपनी तहरीर में सौरभ तिवारी, अभिषेक राय समेत आधा दर्जन लोगों पर जबकि दूसरी ओर से अभिषेक राय ने पवन सिंह, शिबू सिंह, समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का मामला दर्ज कराया।
हॉस्टल के पास विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों के साथ ही पुलिस तैनात है। विश्वनाथ मंदिर से लेकर हॉस्टल तक के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रो. ओपी राय, चीफ प्रॉक्टर, बीएचयू