भाई को संकट में देख बड़ी बहन प्रियांशू बिना देर किए उसे बचाने के लिए नदी में कूद गई। उसने साहस दिखाते हुए अपने भाई को सुरक्षित किनारे की ओर धक्का दे दिया, लेकिन खुद तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगी। बड़ी बहन को संघर्ष करते देख छोटी बहन प्रतिज्ञा भी उसे बचाने के लिए नदी में उतर गई। हालांकि वह भी गहरे पानी में समा गई और दोनों बहनें देखते ही देखते लापता हो गईं।
घटना के बाद नदी तट पर अफरातफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल दोनों बच्चियों की तलाश में जुट गए। कई घंटों तक स्थानीय स्तर पर खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर मधुबन क्षेत्राधिकारी दिनेश दत्त मिश्रा और थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं खोज अभियान शुरू कराया।
पुलिस और प्रशासन की निगरानी में गोताखोरों की टीम नदी में लगातार तलाश कर रही है। क्षेत्राधिकारी दिनेश दत्त मिश्रा ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाली है। दोनों बच्चियों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।