नेशनल एकेडमी ऑफ डेयरी साइंसेज इंडिया द्वारा कृषि विज्ञान संस्थान के दो प्रोफेसरों को पहली बार यह सम्मान अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में किए गए विशेष योगदान के लिए दिया गया है।
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल एकेडमी ऑफ डेयरी साइंसेज इंडिया की ओर से चुने गए वर्ष 2019 के फेलो अवार्ड में देश भर से 12 वैज्ञानिकों की सूची में बीएचयू के दो प्रोफेसरों का भी नाम शामिल है। ऑनलाइन आयोजित छठे दीक्षांत समारोह में बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के प्रोफेसर राकेश सिंह और डेयरी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर डीसी राय को यह अवार्ड मिला है।
नेशनल एकेडमी ऑफ डेयरी साइंसेज इंडिया द्वारा कृषि विज्ञान संस्थान के दो प्रोफेसरों को पहली बार यह सम्मान अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में किए गए विशेष योगदान के लिए दिया गया है। इनमें प्रो.डीसी राय डेयरी विभाग के अध्यक्ष होने के साथ-साथ विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स बोर्ड के उपाध्यक्ष भी हैं। इनके नेतृत्व में नए शोध और रोजगार परक कोर्स का संचालन भी किया जा रहा है जबकि प्रोफेसर राकेश सिंह कृषि अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष के साथ-साथ भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद शिक्षा प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी भी हैं।
पशुओं की खरीद और बिक्री के लिए आयोजित होने वाले बाजारों में व्याप्त अनियमितता, सूचनाओं की विषमता पर शोध के द्वारा बाजारों के शुद्धिकरण के लिए भी उन्होंने प्रमुख सुझाव दिया है। दोनों शिक्षकों के फेलो अवार्ड के लिए चुने जाने पर संस्थान के निदेशक सहित अन्य शिक्षकों ने बधाई दी है