आजमगढ़। जिले में बुधवार की शाम करीब चार बजे आई धूलभरी आंधी और पानी से 600 से अधिक खंभे टूट गए। इससे कई गांवों की बिजली प्रभावित हो गई। निगम की तरफ से टूटे खंभों को बदलने का काम तो किया जा रहा, लेकिन बृहस्पतिवार को दूसरे दिन 24 घंटे के बाद भी 54 गांवों की बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। बिजली के लिए लोगों को अभी शुक्रवार तक इंतजार करना होगा।
शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों मेंहनगर, जहानागंज, बरदह, महाराजगंज, मुबारकपुर, फूलपुर, बिंद्राबाजार सहित कई स्थानों पर खंभे गिर गए। कहीं पेड़ गिरने से तार और खंभे टूट गए। जहानागंज के धरवारा और रानी की सराय क्षेत्र के कोइलारी खुर्द में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। बुधवार को जब आंधी- पानी शुरू हुई तो पूरे जिले की बिजली निगम ने काट दी। इसके बाद जब आंधी- पानी का असर खत्म हुआ तो जिन क्षेत्रों में तार और खंभे प्रभावित नहीं हुए वहां पर रात साढ़े 10 बजे के बाद बिजली बहाल कर दी कई।
अन्य जगहों पर बिजली बहाल नहीं हो सकी। बिजली न रहने से लोगों को पीने की पानी की समस्या हुई। इंवर्टर भी जवाब दे गए। अधीक्षक अभियंता प्रथम घनश्याम ने बताया कि करीब 20 गांवों की बिजली प्रभावित है। अधीक्षण अभियंता द्वितीय गौरव तिवारी ने बताया कि लगभग 35 गांव ऐसे हैं, जहां बिजली बहाल नहीं हो सकी है। इन गांवों में टूटे तारों और खंभों को बदलने का काम चल रहा है। शुक्रवार तक बिजली आपूर्ति ठीक हो जाएगी।
बिलरियागंज: आंधी बारिश से 33 केवी लाइन का खंभा कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया। खंभा सही करने के बाद पूर्वी और दक्षिणी फीडर की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। एसडीओ तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि सबसे अधिक नुकसान उत्तरी फीडर में हुआ है, जहां एलटी लाइन के कई पोल और तार टूट गए हैं।
चक्रपानपुर: उपकेंद्र चंडेश्वर के नीबी फीडर से जुड़े गांवों की बिजली बुधवार से कटी है। जेई रामप्रवेश चौहान ने बताया कि आंधी के कारण कई जगह तार पर पेड़ तार पर गिरे गए, इससे 10 से 12 पोल भी टूट गए है। इसके चलते आपूर्ति बाधित है।
अतरौलिया: पुरवा (कुलुहिया) गांव में एचटी लाइन का खंभा टूट जाने के कारण वहां अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। एसडीओ दिलीप वर्मा ने बताया कि अधिकांश फीडरों पर बिजली चालू कर दी गई है, जबकि पूर्वी फीडर पर अभी पेट्रोलिंग और मरम्मत का कार्य जारी है।
देवगांव। आंधी से क्षेत्र में एचटी और एलटी लाइन के 14 खंभे टूट गए। इससे आपूर्ति बाधित हो गई है। भुड़की में इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एचटी लाइन ख्ंभा, गड़ौली, तिरौली, बड़ागांव, गोसाईगंज बैंक के पास, चांदपुर आदि गांवों में एलटी लाइन का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया है। जिरिकपुर उपकेंद्र के अवर अभियंता पंकज कुमार मौर्य ने बताया कि पेट्रोलिंग और क्षतिग्रस्त खंभों के मरम्मत का कार्य चल रहा है।
अमिलो : मुबारकपुर के उपकेंद्र मोहब्बतपुर के हल्का नंबर एक में आने वाले 10 से अधिक गांवों की बिजली प्रभावित है। राजाराम पांडेय, संजय गुप्ता, लल्लू सिंह ने बताया कि रोस्टिंग के अनुसार शाहगढ़, रौजा, महलिया, जमुड़ी, दौलतपुर, बैठौली, पैकौली की पहले से ही बिजली कटी थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को 24 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई। इंवर्टर भी बैठ गए हैं। जेई सुजीत सोनकर ने बताया कि एचटी लाइन का चार- पांच खंभे टूट गए हैं।
आंधी-पानी से लगभग पांच- छह सौ बिजली के खंभे टूट गए हैं। इनके बदलने का काम चल रहा है। 100-150 खंभों को बदला जा चुका है। शुक्रवार तक सभी कार्य पूरे कर प्रभावित क्षेत्रोंं में बिजली बहाल कर दी जाएगी। राजकुमार सिंह, अधिशासी अभियंता नोडल
आंधी-पानी से दीवार गिरी, दबकर दो बुजुर्गाें की मौत
जहानागंज और रानी की सराय थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम हुई घटना
फोटो :34:
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर/रानीपुर। बुधवार की शाम आई तेज आंधी के बीच पानी ने जिले में जमकर तबाही मचाई। इसमें जहानागंज थाना क्षेत्र के धरवारा और रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोईलारी खुर्द गांव में दीवार गिरने से दो बुजुर्गों की दबकर मौत हो गई। तो वहीं तरवां थाना क्षेत्र के जगदीशपुर (चौर) गांव में पाकड़ का पेड़ गिरने से दो गायों की मृत्यु हो गई।
बलरामपुर: जहानागंज थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में बुधवार की शाम आंधी-पानी के दौरान एक बुजुर्ग की माटी की दीवार गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। उमा शंकर ने बताया कि उनके पिता जगरूप (68) बुधवार की शाम लगभग 5:30 बजे मड़ई में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। आंधी-पानी के चलते मड़ई की कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और तीन पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
रानी की सराय : कोईलारी खुर्द में आंधी-तूफान के चलते दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आने से सुभाष चंद्र (65) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रधान विद्यासागर यादव ने बताया कि चारों तरफ से सीमेंट-ईंट की दीवार थी, इसी पर कटरैन रखा था। इसमें बुजुर्ग बैठे थे। आंधी-पानी के कारण दीवार कटरैन के साथ गिर गई। मृतक के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अतरौलिया क्षेत्र में टूटा पोल। संवाद