बुजुर्गों का आदर-सम्मान करना इंसानियत ही नहीं बल्कि हमारा धर्म भी है लेकिन बुजुर्ग अगर बदनयित हो तब आप क्या करेंगे? आज के इस दौर में बच्चियों के माता-पिता इस उधेड़बुन में लगे हुए हैं कि किस पर भरोसा करें और किस पर न करें।
युवा से लेकर बुजुर्ग तक बच्चियों पर गलत निगाह डाल रहे हैं। बुजुर्गों की इस बदनियती का ताजा मामला बनारस में सामने आया है। शहर के कैंट और सिगरा थाना क्षेत्र में सोमवार को दो बुजुर्गों पर छेड़खानी का आरोप लगा।
दोनों मामलों की तहरीर के आधार पर कैंट और सिगरा थाने में छेड़खानी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिगरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, कैंट पुलिस घटना की तफ्तीश में जुटी हुई है।
सिगरा थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में सोमवार को पांच वर्ष की बच्ची ने पड़ोस के 62 वर्षीय बुजुर्ग प्रकाश खट्टर की अश्लील हरकतों की शिकायत अपनी मां से की। मासूम की मां मामले की शिकायत लेकर सिगरा थाने पहुंची और पुलिस को बताया कि प्रकाश उनकी बेटी के साथ गलत हरकतें करता है।
इस संबंध में सिगरा इंस्पेक्टर ने बताया कि छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जाता है कि आरोपी प्रकाश की लक्सा क्षेत्र में मोबाइल की दुकान है।