जौनपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को कुछ दिन पूर्व मुंबई से आए दो प्रवासियों की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। स्वास्थ्य टीम के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने एक मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया था, जबकि दूसरे की मौत सैंपल देने के चंद मिनटों बाद हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों में सर्दी-खांसी, बुखार के लक्षण थे। घटना से ग्रामीण सहमे हुए हैं।
सिंगरामऊ के बछाड़ी खुर्द गांव निवासी महंथ लाल (47) दस दिन पूर्व स्पेशल ट्रेन से मुंबई से आए थे। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद वे होम क्वारंटीन में थे। बृहस्पतिवार को सांस लेने में दिक्कत होने पर परिजन राजा हरपाल सिंह इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर ले गए। वहां डॉ. अभिषेक वर्मा ने सैंपल लिया। इसके चंद मिनटों बाद ही महंथ लाल की मौत हो गई। घटना से सेंटर में खलबली मच गई।