सोनभद्र जिले के महुली गांव में शुक्रवार की दोपहर दो किशोरियों की पोखरे में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चांदनी (10) पुत्री रामू व सुषमा (8) पुत्री जुगल अपने घर से 500 मीटर दूर पोखरे में शुक्रवार को दोपहर नहाने गईं थीं । दोनों नहाते समय गहरे पानी में चली गई जब दोनों किशोरियां डूबने लगी तो साथ गई और किशोरियों ने शोर मचाया।
परिजन और गांव के लोग जब तक मौके पर पहुंचते किशोरियां डूब चुकी थी। दोनों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद पास पड़ोस के लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया।
डूबने से हुई मौत की सूचना परिजनों ने स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्रवाई की। खबर लिखे जाने तक परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाह रहे थे। एक ही गांव के दो घरों में किशोरियों की मौत से गांव में मातम पसरा रहा।