जौनपुर-वाराणसी हाईवे पर महरुपुर गांव के पास सोमवार की रात बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवक की जान ले ली। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसके दोनों पैर की हड्डी चकनाचूर हो गई। उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दोनों युवक एक ही गांव के निवासी हैं और एक ही साथ काम करते थे।
विज्ञापन
जलालपुर थाना क्षेत्र के महिमापुर (खलीफ्ता) गांव निवासी मुकेश यादव(22) और गांव निवासी उसका दोस्त आशीष यादव(25) शहर के एक मार्ट में काम करते थे। सोमवार की रात काम खत्म होने के बाद दोनों बाइक से घर जा रहे थे।
हाइवे पर महरुपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को चपेट में ले लिया। हादसे में मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हुआ। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया गया।
हादसे में आशीष के दोनों पैर में घुटने से नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।