सोनभद्र जिले के चोपन थाने के अलग-अलग गांवों में दो लोगों के शव फंदे से लटकते मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों मामलों को प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
विज्ञापन
चोपन थाने के एसआई राजनारायण यादव के अनुसार क्षेत्र के पनारी ग्राम पंचायत के जुड़वानी टोला निवासी मोतीलाल गोड़(33) पुत्र लालमनी का शव घर के सामने महुआ के पेड़ में गमछे के फंदे पर लटकते हुए मिला। रविवार की सुबह जब परिवार के लोगों को जानकारी हुई तो चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घर वालों से घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ भी की गई।
उन्होंने बताया कि दूसरा मामला गुरमुरा रेलवे स्टेशन के पास का है। कोटा ग्राम पंचायत में स्थित गुरमुरा रेलवे स्टेशन के समीप महेश(38) पुत्र बलदेव का शव अपने घर में रस्सी के सहारे बड़ेर में लगे फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया गया।
मृतक के परिवार के लोगों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों मामले आत्महत्या के लग रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।