यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में नकल पर नकेल लगाने की गरज से मंगलवार को जिले के दो केंद्रों की परीक्षा रद्द कर दी गई। दोनों केंद्रों पर नकल सामग्री मिलने के मामले में केंद्राध्यक्षों को भी हटा दिया गया है। अब यह परीक्षा जिला मुख्यालय पर कराई जाएगी।
मंगलवार को सुबह हाईस्कूल में मानव विज्ञान, इंटर में संगीत गायन, वादन, नृत्य कला और शाम की पाली में इंटर में रसायन विज्ञान, बही खाता तथा लेखाशास्त्र द्वितीय प्रश्नपत्र और कृषि अर्थशास्त्र की परीक्षा थी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. ओपी राय परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए भुल्लनपुर पदमासिनी इंटर कॉलेज और समता सगह हायर सेकेंडरी स्कूल सगहट पहुंचे।
दोनों केंद्रों पर परीक्षा कक्ष के बगल में खिड़की से बड़ी मात्रा में चिट फेंके गए थे। मिलान किया गया तो वे सभी रसायन विज्ञान, बही खाता और लेखाशास्त्र की परीक्षा से जुड़े मिले। इनमें पेपर में आए सवालों के जवाब भी थे।
इस पर उन्होंने दोनों केंद्र की परीक्षा निरस्त कर दी। बताया कि मंगलवार को रद्द किए गए विषयों की परीक्षा अब जिला मुख्यालय पर कराई जाएगी। बाकी परीक्षा उसी केंद्र पर होगी। केंद्राध्यक्षों को हटाने के साथ ही भविष्य में इन विद्यालयों को डिबार करने की भी संस्तुति बोर्ड को भेजने का फैसला किया गया।